मूँग (Green gram)
मूँग एक प्रमुख फसल है। इसका जन्म स्थान भारत है। मूँग के दानों में २५% प्रोटिन, ६०% कार्बोहाइड्रेट, १३% वसा तथा अल्प मात्रा में विटामिन सी पाया जाता हैं। समस्त भारत में इसकी खेती की जाती है। मूंग पचने में हल्की होती है तथा रक्त के दोषों को दूर करने वाली होती है।

मूँग का उपयोग
- शिरोरोग-वातज-शिरोरोग से पीड़ित व्यक्ति रात को मूंग, कुलथी तथा उड़द के साथ कटु तथा उष्ण पदार्थ एवं घृत का सेवन करके, हल्का गर्म दूध पिएं अथवा मूंग आदि द्रव्यों के कल्क से दूध एवं तिल तैल को पका कर सेवन करने से शिरोरोग में लाभ होता है।
- नेत्ररोग-छिलका रहित मूंग को भूनकर, मधु तथा शर्करा के साथ घोटकर अंजन बनाकर प्रयोग करने से सव्रण शुक्र में लाभ होता है।
- कास-छोटी कटेरी के क्वाथ से निर्मित मूंग के यूष में पीली सरसों, आँवला तथा अम्ल पदार्थ मिलाकर नियमित सेवन करने से सभी प्रकार की कास में लाभ होता है।
- मूंग-यूष (20-40 मिली) का सेवन तमक श्वास व ज्वर में पथ्य है।
- तृष्णा-शतधौत घृत से स्नेहन कर, अवगाहन कर, फिर मूंग यूष (20-40 मिली) को घी से छौंक कर पीने से पिपासा (तृष्णा) का शमन होता है।
- छर्दि-समभाग मूंग, पिप्पली, खस एवं धनिया चूर्ण को छ गुने जल में भिगोकर रात भर रख कर प्रात छान कर जल पीने से छर्दि का शमन होता है।
- मूंग एवं आँवले के यूष (20-40 मिली) में सेंधानमक एवं घृत मिलाकर पीने से वातज छर्दि रोग में लाभ होता है।
- भुनी हुई मूंग का क्वाथ (10-20 मिली) बनाकर उसमें धान का लावा, मधु एवं शर्करा मिलाकर सेवन करने से छर्दि, अतिसार, पिपासा, दाह तथा ज्वर में लाभ होता है।
- 10-20 मिली मूंग के क्वाथ में नारियल का समभाग दूध मिलाकर सेवन करने से छर्दि में लाभ होता है।
- अतिसार-भुनी हुई मूंग का क्वाथ बनाकर 20 मिली क्वाथ में धान का लावा मिलाकर खाने से अतिसार में लाभ होता है।
- अर्श-अर्श रोग में मूंग का सेवन पथ्य है।
- वीर्यवर्धनार्थ-मूंग को भूनकर पीसकर उसमें मिश्री तथा घृत मिलाकर उसके लड्डू बना लें। प्रात सायं 1 लड्डू को गाय के दुग्ध के साथ सेवन करने से वीर्य की वृद्धि होती है, शरीर पुष्ट होता है तथा वीर्य विकारों का शमन होता है।
- अस्थिभग्न-अस्थिभग्न में मूंग दाल का सेवन करना हितकर है।
- विसर्प-10-20 मिली मूंग के यूष को अनार के रस से खट्टा करके अथवा बिना खट्टा किए ही, परवल तथा आँवला मिलाकर पुराने शालिचावल के भात के साथ सेवन करना विसर्प में पथ्य है।
- मूंग को पीसकर उसमें घी मिलाकर विसर्प पर लगाने से विसर्प में लाभ होता है।
- नाड़ीव्रण-मूंग को पीसकर नाड़ी व्रण पर लगाने से व्रण का रोपण होता है।
- मदात्यय-20-40 मिली मूंग के यूष में मिश्री मिलाकर पीने से मदात्यय में लाभ होता है।
- रक्तपित्त-20-40 मिली मूंग के यूष में समभाग अनार स्वरस तथा शर्करा मिलाकर सेवन करने से रक्तपित्त में लाभ होता है।
- पित्तज ज्वर-मूंग तथा मुलेठी का यूष बनाकर 15-25 मिली मात्रा में पीने से पित्तज ज्वर का शमन होता है।
Comments
Post a Comment