बेर (Plum)
बेर एक ऐसा फलदार पेड़़ है जो कि एक बार पूरक सिंचाई से स्थापित होने के पश्चात वर्षा के पानी पर निर्भर रहकर भी फलोत्पादन कर सकता है। यह एक बहुवर्षीय व बहुउपयोगी फलदार पेड़ है जिसमें फलों के अतिरिक्त पेड़ के अन्य भागों का भी आर्थिक महत्व है। शुष्क क्षेत्रों में बार-बार अकाल की स्थिति से निपटने के लिए भी बेर की बागवानी अति उपयोगी सिद्ध हो सकती है। इसकी पत्तियाँ पशुओं के लिए पौष्टिक चारा प्रदान करती है जबकि इसमें प्रतिवर्ष अनिवार्य रूप से की जाने वाली कटाई-छंटाई से प्राप्त कांटेदार झाड़ियां खेतों व ढ़ाणियों की रक्षात्मक बाड़ बनाने व भण्डारित चारे की सुरक्षा के लिए उपयोगी है। बेर के गुणों के आधार पर आयुर्वेद में इसको कई तरह के बीमारियों के लिए औषधि के लिए इस्तेमाल किया जाता है। क्या आपको पता है कि को बेर बदर भी कहते हैं।बदर का बीज नेत्ररोग नाशक तथा हिक्का शामक होते हैं। बदर का फूल कुष्ठ तथा कफपित्त कम करने वाले होते हैं। पके हुए बदर पित्तवातशामक, मधुर, शक्तिवर्द्धक, कफकारक, दस्त रोकने वाले, उल्टी में फायदेमंद, रक्त संबंधी रोग में फायदेमंद होते हैं। सूखे बदर कफवातशामक होते हैं।

बेर का उपयोग
- बेर के जड़ तथा पिप्पली या बेर की छाल को पीसकर सिर पर लेप करने से सिर दर्द से छुटकारा मिलता है।
- बेर की छाल को पीसकर नेत्र के बाहर चारो तरफ लगाने से आँखों का दर्द कम होता है।
- बेर वृक्ष के पत्तों को पीसकर कनपटी पर लेप करने से नकसीर बन्द हो जाती है।
- बेर के पत्ते के काढ़ा में नमक मिलाकर गरारा करने से मुख के घाव एवं मसूड़ों से होने वाली ब्लीडिंग व गले का दर्द कम होता है।
- बेर तथा बबूल की छाल को मिलाकर, काढ़ा बनाकर गरारा करने से मुख के छाले मिट जाते हैं।
- बेर के पत्ते को घी में भूनकर, पीसकर सेंधानमक मिला कर चाटने से स्वरभेद तथा खांसी की समस्या से राहत मिलती है।
- 2-4 ग्राम बेरमज्जा चूर्ण को दही के पानी के साथ सेवन करने से वातज-कास में लाभ होता है। समान मात्रा में दंती, द्रंती, तिल्वक तथा घी में भुने हुए बेर के पत्ते के चूर्ण (1-2 ग्राम) में सेंधानमक मिलाकर कोष्ण (गुनगुने) जल के साथ सेवन करने से खांसी में लाभ होता है।
- बेर के जड़ को चबा कर धीरे-धीरे चूसने से एक सप्ताह में दूध (स्तनपान कराने वाली महिलाओं में) की वृद्धि होने लगती है।
- समान भाग में जामुन तथा खट्टे बेर के चूर्ण (1-2 ग्राम) में मधु मिलाकर चाटने से कफ के कारण होने वाली उल्टी बंद हो जाती है।
- बेर मज्जा को लौंग तथा मिश्री के साथ मिलाकर खाने से उल्टी के अनुभूति से लाभ मिलता है।
- बेर से निर्मित जूस में घी मिला कर चावल के साथ भोजन में प्रयोग करने से अतिसार में लाभ होता है।
- 1-3 ग्राम बेर के जड़ के छाल के चूर्ण में मधु मिलाकर सेवन करने से अतिसार या दस्त में लाभ होता है।
- समान मात्रा में बेर, अर्जुन, जामुन, आम, शल्लकी तथा वेतस के छाल के चूर्ण (1-2 ग्राम) में शर्करा तथा मधु मिला कर सेवन करने से अतिसार में लाभ होता है।
- 5-10 मिली बदर पत्ते के रस या1-2 ग्राम बेर छाल को पीसकर अजा दूध तथा मधु मिलाकर सेवन करने से दस्त से खून आना बंद होता है।
- समान मात्रा बेर जड़ के पेस्ट (1-2 ग्राम) तथा तिल के पेस्ट में मधु एवं दूध मिलाकर सेवन करने से रक्तातिसार में लाभ होता है।
- दही के साथ बेर के पत्तों के चूर्ण (1-2 ग्राम) का सेवन करने से प्रवाहिका या पेचिश में लाभ होता है।
- बेर के पत्तों को पीसकर नाभि के नीचे (पेडू) पर लगाने से मूत्र त्याग के समय होने वाली जलन तथा असहनीय वेदना से राहत मिलती है।
- समान मात्रा में घी, गुड़ तथा कर्कन्धु (छोटी बेर) चूर्ण (1-2) को खाने से प्रदर रोग में लाभ होता है।
- 1-2 ग्राम बेर के जड़ के चूर्ण को गुड़ के साथ खाने से प्रदर रोग या सफेद पानी आने की समस्या में लाभ होता है।
- बेर की गुठली की मज्जा को गुड़ के साथ पीसकर खाने से शुक्र संबंधी समस्या में लाभ होता है तथा शरीर पुष्ट होता है।
- बेर के छाल का काढ़ा बनाकर 10-15 मिली मात्रा में सेवन करने से आमवात तथा वातरक्त (गठिया) में लाभ होता है।
- 1-2 ग्राम बेर फल चूर्ण को गुड़ के साथ सेवन करने से स्मॉल पॉक्स की परेशानी कम होती है।
- बेर की जड़ का काढ़ा बनाकर, उसमें चावलों को पकाकर खाने से खुजली में लाभ होता है।
- बेर वृक्ष से प्राप्त निर्यास को बकरी के दूध में मिलाकर लेप करने से दद्रु या रिंगवर्म से छुटकारा मिलता है।
- बेर की गुठली की मज्जा का चूर्ण खिलाने से पित्तज संबंधी रोगो में लाभ मिलता है।
- बेर की मूल का चूर्ण बनाकर घावों पर छिड़कने से घाव जल्दी भर जाते हैं। इसके अलावा पुराने घाव तथा फोड़ों पर इसकी छाल का चूर्ण डालने से भी लाभ होता है।
- बुखार में यदि शरीर का ताप बहुत बढ़ गया है तो बेर के पत्तों एवं रीठे के झाग को शरीर पर लेप करने से लाभ होता है।
- बेर के पत्ते के काढ़े से बने पेय को कांजी के साथ पीने से मोटापा घटता है। बेर खाने के फायदे से वजन कम होने में मदद मिलती है।
- बेर में प्रचुर मात्रा में विटामिन सी पाया जाता है जो विटामिन -सी की कमी दूर करने में मदद करता है।
- बेर के पत्ते, नीम पत्ता तथा रीठा के पेस्ट से उत्पन्न झाग का लेप करने से जलन कम होता है।
- ब्राह्मी तथा बेर की जड़ का काढ़ा बनाकर 10-20 मिली मात्रा में पिलाने से प्रलाप में लाभ होता है।
- बेर छाल को पीसकर बिच्छू के काटे हुए स्थान पर लेप करने से बिच्छु काटने पर जो दर्द ,सूजन और दाह आदि होता है उससे राहत मिलती है। गूलर तथा बेर के कोमल पत्तों को पीसकर दंश स्थान पर लगाने से विष प्रभाव के कारण उत्पन्न दाह, वेदना तथा सूजन में भी लाभ होता है।
Comments
Post a Comment