मुक्तवर्चा (Indian acalypha)

     भारत के उष्ण प्रदेशों में विशेषत बंगाल तथा बिहार से आसाम तक और दक्षिण में कोंकण से त्रावणकोर तक एवं गुजरात व काठियावाड़ में सड़कों के किनारे या बेकार पड़ी भूमि पर खरपतवार के रूप में उत्पन्न होता है। यह श्वास रोगों में अत्यन्त उपयोगी है। इसकी दो प्रजातियों का प्रयोग चिकित्सा में किया जाता है।
Acalypha indica Linn. (कुप्पी)- इसकी मुख्य प्रजाति यह 30-90 सेमी ऊंचा, सीधा, वर्षायु शाकीय पौधा होता है। इसकी शाखा लम्बी तथा अनेक भागों में विभक्त, सूक्ष्म रोमश तथा कोण-युक्त होती है। इसके पत्र सरल, 2.5-5 सेमी लम्बे, एकांतर, अण्डाकार, गोलाकार, अग्र भाग पर नुकीले, चिकने तथा मृदु रोमश होते हैं एवं शाखाओं पर चक्करदार क्रम में लगे होते हैं। इसके पुष्प दलहीन, छोटे, 2.5-7.5 सेमी लम्बे, पीताभ-हरे रंग के होते हैं, जो देखने में कुप्पी की आकृति वाले होते हैं। इसके फल एक बीज युक्त, सहपत्रों से घिरे हुए, लघु तथा दृढ़लोमी होते हैं। इसके बीज संख्या में एक, हल्के भूरे वर्ण के, चिकने, अण्डाकार, तीक्ष्ण होते हैं। इसका पुष्पकाल एवं फलकाल अगस्त से फरवरी तक होता है।
उपरोक्त वर्णित कुप्पी की मुख्य प्रजाति के अतिरिक्त निम्नलिखित प्रजाति का प्रयोग भी चिकित्सा में किया जाता है।
Acalypha fruticosa Forsk (तूतपुष्पा, चिन्नीका)- यह सुगन्धित तथा रोमश क्षुप होता है। इसके पत्ते साधारण, एकान्तर, अग्रभाग पर नुकीले तथा किनारों पर दंतुर होते हैं। इसका पुष्पक्रम छोटा होता है जिसके पुंपुष्प ऊपर तथा त्रीपुष्प नीचे लगे हुए होते हैं। इसका पत्रों का प्रयोग चिकित्सा के लिए किया जाता है।

मुक्तवर्चा के उपयोग

  1. शिरशूल-हरितमञ्जरे पञ्चाङ्ग स्वरस का (1-2 बूँद) नस्य लेने से शीघ्र ही वेदना का शमन होता है।
  2. दंतशूल-1 ग्राम हरितमञ्जरी चूर्ण में 1 ग्राम शुण्ठी को मिलाकर अच्छी तरह पीसकर दांतों के अंदर तथा बाहर लेप करने से दंतशूल का शमन होता है।
  3. हरितमञ्जरी पत्र-क्वाथ का कवल एवं गण्डूष (गरारा) करने से दंतशूल का शमन होता है।
  4. श्वास-5 मिली पञ्चाङ्ग स्वरस में 10 मिली शहद मिलाकर सेवन करने से श्वासनलिका-शोथ, श्वासकष्ट, कास, रक्तष्ठीवन एवं जीवाणु जन्य फुफ्फुस-शोथ में लाभ होता है।
  5. विबन्ध-10-15 मिली पत्र क्वाथ में सेंधानमक मिलाकर सेवन करने से विबन्ध में लाभ होता है।
  6. फिरंग-पत्तियों को पीसकर फिरंगज व्रणों में लगाने से फिरंग रोगजन्य व्रणों का शीघ्र शमन होता है।
  7. आमवात-हरितमंजरी के पत्रों को पीसकर लगाने से आमवात में लाभ होता है।
  8. पामा-इसकी पत्तियों को पीसकर लगाने से पामा, दग्धजन्य व्रण एवं अन्य त्वक् विकारों का शमन होता है।
  9. व्रण-शुष्क पत्तियों के चूर्ण को सद्य क्षत एवं व्रण में डालने से व्रण जल्दी भर जाते हैं।
  10. दद्रु-पत्र कल्क में नींबू स्वरस मिलाकर लगाने से दद्रु का शमन होता है।
  11. क्षय-1 ग्राम हरितमञ्जरी पञ्चाङ्ग चूर्ण को शहद के साथ सेवन करने से क्षय रोग में लाभ होता है।
  12. कृमिरोग-इसकी शुष्क पत्तियों का क्वाथ बनाकर 10-15 मिली क्वाथ में लहसुन मिलाकर सेवन करने से आंत्रगत कृमियों का शमन होता है।
  13. अग्निमंथ, मधूकसार, हरितमञ्जरी मूल, कूठ तथा लवण से निर्मित (1-2 ग्राम) चूर्ण में गोमूत्र मिलाकर सेवन करने से नासिका, पाद, शिर और ग्रीवा की संधि, हृदय तथा ऊरु में लेप करने से बिन्दुषट्क, बिल्ली तथा चूहे के विष का शमन होता है।
  14. जांगम-विष-मूल को पीसकर सर्पदंश एवं वृश्चिक दंश एवं कीट दंश स्थान पर लगाने से दंशजन्य वेदना तथा क्षोभ का शमन होता है।
  • श्वास कष्ट की चिकित्सा में अत्यधिक लाभकारी है।

Comments

Popular posts from this blog

वेत्र (Common rattan)

खैर या खादिर (Black Catechu)

नींबू (Lemon)